पुरुष वर्ग में स्वराज पहलवान ने मारी बाजी, महिला वर्ग में ज्योति ने दिखाया दमखम, विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं शील्ड देकर किया गया सम्मानित
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मखदुमपुर। प्रखंड क्षेत्र के जयतिया गांव में भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला, ताकत और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल देखने के लिए हजारों खेल प्रेमियों की भीड़ जुटी रही। रोमांचक मुकाबलों के बीच पुरुष वर्ग में ओदान बिगहा के स्वराज पहलवान तथा महिला वर्ग में दिल्ली की ज्योति पहलवान ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
पुरुष वर्ग के मुकाबले में स्वराज पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मोकामा के लक्ष्मण पहलवान को पीछे छोड़ दिया और विजेता बने। स्वराज को शील्ड के साथ 7100 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं उपविजेता लक्ष्मण पहलवान को कप एवं 4100 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में दिल्ली की ज्योति पहलवान ने अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और विजेता बनीं। उन्हें शील्ड के साथ 6100 रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। वहीं गया की पुष्पांजलि पहलवान उपविजेता रहीं। उन्हें कप एवं 4000 रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों की भारी भीड़ मौजूद रही और मुकाबलों को लेकर उत्साह बना रहा।
इस अवसर पर जहानाबाद के सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव, स्थानीय विधायक, कांति देवी, पवन कुमार, राजेश्वरी यादव, उमेश प्रसाद यादव, आलोक कुमार, नवदीप कुमार, अरुण कुमार, जेपी चंद्रवंशी, अरविंद कुमार, विनेशर प्रसाद एवं जीतन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में हजारों दंगल प्रेमियों ने भाग लेकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।