नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
दुमका। सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका में आंतरिक शिकायतों के निबटारे के लिए आंतरिक शिकायत समिति का गठन किया गया है। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ कुनूल कांदिर के आदेश से जारी अधिसूचना संख्या 144/26 के अनुसार, जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ शर्मिला सोरेन को समिति का पीठासीन सदस्य बनाया गया है। झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 की धारा 81(2) के तहत गठित इस समिति का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तिथि से एक वर्ष निर्धारित किया गया है।
प्रॉक्टर, डीन और निदेशक को भी मिली जिम्मेदारी
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क निदेशक डॉ राजीव रंजन सिन्हा ने बताया कि कुलसचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर, विज्ञान संकाय के डीन डॉ नीलेश कुमार और अंगीभूत महाविद्यालयों की निदेशक डॉ अमिता कुमारी को समिति का सदस्य नामित किया गया है। इसके अलावा विज्ञान संकाय के स्नातकोत्तर सेमेस्टर-2 की टॉपर छात्रा और कला संकाय के स्नातकोत्तर सेमेस्टर-2 के टॉपर छात्र को भी समिति में शामिल किया गया है।
विधायक डॉ लोइस मरांडी और सेवानिवृत्त प्रोफेसर भी बने सदस्य
समिति में भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रभारी डॉ राजेश कुमार यादव, भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष प्रभारी डॉ श्वेता मरांडी, कुलपति कार्यालय की सहायक शांतिलता किस्कू और विश्वविद्यालय मुख्यालय के लेखापाल प्रभारी परिमल कुंदन को भी सदस्य बनाया गया है। जामा की विधायक डॉ लोइस मरांडी तथा हिंदी विभाग की सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर डॉ प्रमोदिनी हांसदा भी समिति में शामिल हैं।
कॉलेजों की शिकायतों के लिए भी तय की गयी व्यवस्था
अधिसूचना में अंगीभूत महाविद्यालयों से संबंधित शिकायतों के निबटारे के लिए भी प्रावधान किया गया है। ऐसे मामलों में संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा नामित दो शिक्षक समिति के सदस्य होंगे, जिनमें कम-से-कम एक महिला का होना अनिवार्य है। इसी तरह, संबंधित महाविद्यालय के छात्र संघ द्वारा नामित दो विद्यार्थियों को भी समिति में शामिल किया जायेगा। इनमें कम-से-कम एक छात्रा होना जरूरी है।