गया नगर के विभिन्न वार्डों में जनसंवाद कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान “12 साल बेमिसाल : सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण” के अंतर्गत बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को गया नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में व्यापक जनसंपर्क एवं जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने आमजनों से संवाद स्थापित कर केंद्र सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
दक्षिणी मंडल के अंतर्गत डॉ. प्रेम कुमार ने वार्ड संख्या 41 स्थित शाहमीर तकया रविदास टोला में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने वार्ड संख्या 43 के गोदावरी मंदिर परिसर में आयोजित जनसंवाद एवं कलश यात्रा में भाग लिया। वहीं वार्ड संख्या 35 के गेवाल बिगहा में समाजसेवी बॉबी खान के आवास पर आयोजित बैठक में स्थानीय नागरिकों से संवाद किया।

इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या 45 स्थित ब्रह्मसरोवर में आयोजित जनसंवाद एवं आरती कार्यक्रम तथा वार्ड संख्या 44 में समाजसेवी डॉ. संकेत नारायण के आवास पर आयोजित कार्यक्रम को भी संबोधित किया। उन्होंने लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी राय जानी।
उत्तरी मंडल के अंतर्गत छोटकी नवादा क्षेत्र में वार्ड संख्या 4 स्थित कुष्ठ अस्पताल के समीप आयोजित बैठक में डॉ. प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल पर जनता की प्रतिक्रिया एवं सुझाव प्राप्त किए। इसके साथ ही वार्ड संख्या 6 में बम बाबा एवं चौहरमल बाबा सामुदायिक भवन तथा बागेश्वरी मंदिर के निकट आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में भी भाग लिया।
उन्होंने रामशिला मंदिर एवं गणेश मंदिर के समीप आयोजित बैठकों में भी स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का “12 साल बेमिसाल” अभियान सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। इस अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।
इस अवसर पर सुनील सिन्हा, राजनंदन गांधी, नीरज निश्चल उर्फ मुन्नीलाल, पप्पू नीलकर, डबलू राय, बबलू चंद्रवंशी, शिवनारायण सिंह, सुशील पासवान, कौशलेंद्र कुमार सिंह, राजकुमार, दीनानाथ प्रसाद, शिव मांझी, इंद्रदेव यादव, जितेंद्र यादव, मोहन कुशवाहा, श्याम बिहारी, रामलगन प्रसाद (अभियंता), पप्पू कुमार, वेद प्रकाश, राकेश कुमार, हबलू पांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।