1.74 लाख रुपये के 31 भविष्य के रेल टिकट बरामद, प्रति टिकट 2 से 3 हजार रुपये वसूलने का आरोप
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। रेलवे टिकटों की कालाबाजारी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह के मधुबन स्थित एक धर्मशाला से मुंबई के युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1 लाख 74 हजार 630 रुपये मूल्य के 31 भविष्य के रेल टिकट बरामद किए गए हैं। इन टिकटों पर कुल 117 यात्रियों का सफर प्रस्तावित था। आरोप है कि आरोपी जरूरतमंद यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराने के नाम पर प्रति टिकट 2 से 3 हजार रुपये तक अतिरिक्त वसूल रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को सीआईबी धनबाद और रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोमो की संयुक्त टीम ने स्थानीय मधुबन थाना पुलिस के सहयोग से सिद्धायतन चैरिटेबल स्पिरिचुअल होम धर्मशाला में छापेमारी की। धर्मशाला के कमरा नंबर 226 की तलाशी के दौरान टिकटों की कालाबाजारी का मामला सामने आया। मौके से महाराष्ट्र के मुंबई स्थित मालाड पश्चिम निवासी 33 वर्षीय भाविक जसवंत राय सूचक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिछले तीन दिनों में मधुबन रेलवे काउंटर से कटवाए गए 31 भविष्य के रेल टिकट मिले। इसके अलावा दो इस्तेमाल किए हुए टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 6,900 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी जरूरतमंद यात्रियों को टिकट दिलाने के नाम पर निर्धारित किराये से अतिरिक्त रकम वसूल रहा था। इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोमो में 12 नवंबर 2026 को कांड संख्या 789/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल रेलवे सुरक्षा एजेंसियां टिकटों की कालाबाजारी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।