124 घाटों पर छठ पूजा की तैयारी पूरी, मणिचक में छह ड्रॉप गेट और पार्किंग की विशेष व्यवस्था, सुरक्षा में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी और मजिस्ट्रेट
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मसौढ़ी अनुमंडल में श्रद्धा और भक्ति का माहौल चरम पर है। चार दिवसीय छठ अनुष्ठान के दूसरे दिन शनिवार को खरना पूजा होगी। इसे लेकर मसौढ़ी के प्रसिद्ध मणिचक श्री सूर्य मंदिर धाम का छठ घाट सज-धजकर तैयार हो गया है। आस्था और विश्वास के इस प्रमुख केंद्र पर हजारों की संख्या में छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए अनुमंडल प्रशासन और मंदिर कमेटी की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
खरना के अवसर पर छठव्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को विधि-विधान और पूरी शुद्धता के साथ पूजा-अर्चना करेंगे तथा प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद उनका 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
मणिचक छठ धाम के साथ धनरुआ के बरनी घाट, पुनपुन के पुनपुन घाट सहित पूरे अनुमंडल के 124 छठ घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों पर सुबह से ही चहल-पहल देखी जा रही है। व्रती और उनके परिजन पूजा की तैयारियों में जुटे हैं।
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल प्रशासन ने सभी घाटों पर पुलिसकर्मियों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। एसडीएम धनराज कुमार और डीएसपी राघव दयाल के संयुक्त नेतृत्व में घाटों की लगातार निगरानी की जा रही है। अनुमंडल कार्यालय में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां से विभिन्न घाटों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वहीं, पुनपुन क्षेत्र में डीएसपी आशीष राज के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।
मसौढ़ी के मणिचक सूर्य मंदिर धाम स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां छह ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। वाहनों के सुचारु परिचालन के लिए पार्किंग का रूट चार्ट भी तैयार किया गया है। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद हैं।
घाट पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं और व्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने भरोसा जताया है कि आपसी सहयोग और प्रशासनिक सतर्कता से छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न होगा।