जिला पदाधिकारी के द्वारा बालिका का दत्तक ग्रहण संपन्न
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा एक बालिका विजेता का विधिवत दत्तक ग्रहण (Adoption) कराया गया। उक्त कार्यक्रम का आयोजन जिला पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष (डीएम चैम्बर) में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU), औरंगाबाद की टीम उपस्थित रही एवं दत्तक ग्रहण प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। बालिका विजेता को एक सुरक्षित, स्नेहपूर्ण एवं पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण की गई। दत्तक ग्रहण करने वाले अभिभावक झारखंड राज्य से आए थे, जिन्होंने बालिका को अपने परिवार का हिस्सा बनाने की इच्छा व्यक्त की।
जिला पदाधिकारी ने बाल संरक्षण एवं देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को प्रेम, सुरक्षा, शिक्षा एवं बेहतर भविष्य का अधिकार है। दत्तक ग्रहण जैसी प्रक्रियाएं बच्चों को परिवार आधारित देखभाल एवं बेहतर जीवन अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई, औरंगाबाद के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।