नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के दौरान हुई हवाई फायरिंग मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 11 खोखे बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 12 जून की रात करीब 11 बजे नगर थाना को सूचना मिली कि पुरानी सब्जी मंडी स्थित एक हाता में गोलीबारी की घटना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए रविकांत कुमार (30 वर्ष), पिता विश्वनाथ पासवान, निवासी जोगनीपुर, थाना टेकारी, जिला गया को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में रविकांत कुमार ने बताया कि हाता एवं जमीन के मालिक सौरभ कुमार सिंह अपने कुछ साथियों के साथ जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान सौरभ कुमार सिंह ने अपने पास मौजूद पिस्टल से लगभग 10 से 15 राउंड फायरिंग की। फायरिंग के बाद उसने 11 खोखे रविकांत कुमार को रखने के लिए दे दिए और अपने साथियों के साथ वहां से चला गया।
इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या 383/26 दिनांक 13 जून 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-01 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। टीम को मामले में शामिल अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।