नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
खूंटी। झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने खूंटी महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, हुरलुंग (तारो सिलादोन) निवासी श्याम कुमार ने एसीबी से शिकायत की थी कि महिला थाना कांड संख्या 06/2025 से उनका नाम हटाने के एवज में थाना प्रभारी ने 4.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और जाल बिछाया।
योजना के तहत परिवादी के माध्यम से 50 हजार रुपये रिश्वत की पहली किस्त थाना प्रभारी को दिलाई गई। जैसे ही उन्होंने कथित रूप से रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर तैनात एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए रांची ले जाया गया।
यह पहली बार नहीं है जब खूंटी महिला थाना रिश्वतखोरी के मामले में चर्चा में आया है। इससे पहले वर्ष 2021 में तत्कालीन महिला थाना प्रभारी मीरा कुमारी भी एसीबी की कार्रवाई में गिरफ्तार होकर जेल गई थीं।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद जिले में भ्रष्टाचार को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोगों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की निष्पक्ष और पारदर्शी कार्यशैली से ही प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत हो सकता है।