बैंक ऑफ बड़ौदा का दो दिवसीय प्रॉपर्टी एक्सपो 2026 सफलतापूर्वक संपन्न
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। Bank of Baroda के पटना अंचल द्वारा ज्ञान भवन, गांधी मैदान में 13 एवं 14 जून को आयोजित दो दिवसीय “प्रॉपर्टी एक्सपो 2026” का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस भव्य आयोजन को गृह खरीदारों, रियल एस्टेट डेवलपर्स तथा आम नागरिकों से उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा, पटना के महाप्रबंधक एवं राज्य प्रमुख सुब्रत कुमार स्वाईं ने कहा कि प्रॉपर्टी एक्सपो का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रमुख बिल्डर्स एवं डेवलपर्स को एक मंच पर लाना तथा गृह खरीदारों के लिए अपने सपनों का घर चुनने और खरीदने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों, त्वरित ऋण स्वीकृति और उत्कृष्ट ग्राहक सेवा के माध्यम से ग्राहकों के गृह स्वामित्व के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
एक्सपो में पटना के 31 प्रतिष्ठित बिल्डर्स एवं डेवलपर्स ने भाग लिया, जहां शहर की प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजनाओं को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया गया। आयोजन के माध्यम से संभावित गृह खरीदारों को विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, बिल्डर्स से सीधे संवाद स्थापित करने तथा बैंक ऑफ बड़ौदा की आकर्षक गृह ऋण योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल करने का अवसर मिला।
दो दिनों तक चले इस मेगा आयोजन में 4,000 से अधिक आगंतुकों एवं संभावित गृह खरीदारों ने सहभागिता की। बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न आवासीय परियोजनाओं में रुचि दिखाई और गृह ऋण सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान ग्राहकों, बिल्डर्स और बैंक अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे संपत्ति खरीद एवं गृह ऋण से संबंधित विभिन्न प्रश्नों का समाधान एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सका। आयोजन के सफल संचालन से प्रतिभागियों और आगंतुकों ने संतोष व्यक्त किया।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने इस सफल आयोजन में सहभागिता और सहयोग प्रदान करने वाले सभी बिल्डर्स, ग्राहकों, आगंतुकों तथा अन्य हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया।