नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम ने मंगलवार को बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय का दौरा कर वहां संचालित शिक्षण, शोध एवं प्रसार गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य क्षेत्र को और सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा की।

विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति डॉ. इन्द्रजीत सिंह ने पौधा भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। कुलपति ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, पशु स्वास्थ्य जांच शिविरों, टीकाकरण अभियानों, आधुनिक शोध कार्यों तथा पशुपालकों के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा विकसित उत्पादों जैसे बटेर लिट्टी, चिकेन लिट्टी एवं व्हे सूप आदि के बारे में भी अवगत कराया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है और राज्य को पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सभी को समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने वैज्ञानिकों को “बिहार का भाग्य निर्माता” बताते हुए कहा कि उनके शोध एवं नवाचार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने एवं रोजगार सृजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने गौवंश के साथ भैंस पालन को बढ़ावा देने, मुर्रा नस्ल के संवर्धन तथा रोजगारपरक योजनाओं के निर्माण पर विशेष बल दिया। साथ ही राज्य में दो नए पशु विज्ञान महाविद्यालय खोलने की दिशा में पहल किए जाने की बात भी कही।
दौरे के दौरान मंत्री ने विश्वविद्यालय के पशु प्रक्षेत्र परिसर का निरीक्षण किया तथा देशी नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में पशुपालन के क्षेत्र में हो रहे विकास को और गति देने के लिए सरकार एवं विश्वविद्यालय मिलकर कार्य करेंगे, ताकि इसका सीधा लाभ पशुपालकों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर विभाग एवं विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक एवं विभागाध्यक्ष मौजूद थे।