पकरीबरावां के देवी स्थान में श्रीराम कथा शुरू, कथा वाचिका विदुषी अनुष्का पाठक ने श्रद्धालुओं को सुनाया भक्ति और आध्यात्मिकता का महत्व
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पकरीबरावां। प्रखंड मुख्यालय स्थित देवी स्थान परिसर में गुरुवार की देर शाम श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित कथा वाचिका विदुषी अनुष्का पाठक ने श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा के महत्व और प्रभु स्मरण की महिमा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को प्रत्येक क्षण प्रभु का स्मरण करना चाहिए और नियमित रूप से धार्मिक कथाओं का श्रवण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा के श्रवण से मनुष्य का जीवन पवित्र होता है और उसे पापों से मुक्ति का मार्ग मिलता है। माया के जाल में फंसा जीव अपने वास्तविक लक्ष्य से भटककर परमात्मा से दूर होने लगता है। इससे बचने का सबसे सरल माध्यम प्रभु की भक्ति और श्रीराम कथा का श्रवण है।
कथा वाचिका ने कहा कि मनुष्य अपना अधिकांश समय निद्रा, विलास, धन अर्जित करने और परिवार के पालन-पोषण में व्यतीत कर देता है। इस दौरान वह जीवन के वास्तविक उद्देश्य को भूल जाता है। कई लोग बीते हुए कल की चिंताओं में अपना वर्तमान भी गंवा देते हैं। उन्होंने कहा कि अतीत के बारे में सोचते रहने से कोई लाभ नहीं होता। यदि जीवन में सुधार करना है तो वर्तमान को बेहतर बनाना होगा और उपलब्ध समय का सदुपयोग करना चाहिए।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन श्रीराम कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करने और अपने जीवन को भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ाने की अपील की।
इस अवसर पर कथा वाचिका मनोरमा किशोरी द्वारा प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। श्रीराम कथा के शुभारंभ को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में शंभु बाबा, पंडित वशिष्ठ मुनि, व्यास मुनि, अविनाश मिश्रा, शंकर पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।