प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार सरकार के एनडीए मंत्रिमंडल विस्तार समारोह में मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी मंत्री परिषद सदस्यों को औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। राजधानी पटना के गांधी मैदान में आयोजित इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा बिहार प्रभारी बिनोद तावड़े की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जो पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और नेतृत्व के प्रति जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि नई मंत्रिपरिषद राज्य में विकास योजनाओं को गति देने के साथ-साथ आम जनता की अपेक्षाओं पर भी खरा उतरेगी। एनडीए सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है तथा बिहार को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी मंत्री परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएँ दीं। बधाई देने वालों में भाजपा वरीय नेता सुनील सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र चन्द्रवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष अवध किशोर प्रसाद सिंह, मनीष पाठक, आदित्य शेखर, प्रवीर सिंह, जुलेखा खातून, मुकेश सिंह, अनिता सिंह, जिला परिषद सदस्य रामेश्वर बैठा,भाजपा नेता आलोक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी मितेन्द्र सिंह, नलिनी रंजन सहित बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।