एनटीपीसी की महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है बालिका सशक्तिकरण अभियान
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बीआरबीसीएल में 3 जून को बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) 2026 का उद्घाटन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एल.के. बेहेरा, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-1), एनटीपीसी लिमिटेड तथा विशिष्ट अतिथि दीपक रंजन देहुरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बीआरबीसीएल उपस्थित रहे। समारोह में बालिकाओं, उनके अभिभावकों, बीआरबीसीएल के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।

अपने स्वागत संबोधन में दीपक रंजन देहुरी ने बालिका सशक्तिकरण अभियान 2026 के लिए चयनित 50 बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया तथा उनके अभिभावकों को आश्वस्त किया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान बालिकाओं की सुरक्षा, देखभाल एवं समग्र विकास का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इसमें बालिका सशक्तिकरण अभियान 2024 एवं 2025 की बालिकाओं, टाउनशिप के बच्चों तथा संगिनी लेडीज क्लब की सदस्यों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि एल.के. बेहेरा ने अपने संबोधन में बालिकाओं को शुभाशीष प्रदान करते हुए कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान एनटीपीसी की एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है, जो शिक्षा, आत्मविश्वास एवं कौशल विकास के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। उन्होंने बालिकाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन केक कटिंग के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।