कटोरिया के दोनिहार गांव में हुई घटना, नदी पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बांका। कटोरिया प्रखंड के कोल्हासार पंचायत अंतर्गत दोनिहार गांव के सिटबनवां टोला में बुधवार को नीम का दातून लेने गई 55 वर्षीय महिला की भोंराबिरनी के हमले से मौत हो गई। मृतका की पहचान मुख्तियार यादव की पत्नी रुक्मणी देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रुक्मणी देवी घर के पास झाड़ी में दातून तोड़ने गई थीं। इसी दौरान झाड़ी में मौजूद भोंराबिरनी के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण पहुंचे, लेकिन बचाव के दौरान उन पर भी हमला होने लगा। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण महिला को वहां से निकालकर एंबुलेंस तक ले गए।
ग्रामीणों के अनुसार गांव की नदी पर पुल नहीं होने और बरसात में पानी अधिक होने के कारण 102 एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। परिजन घायल महिला को खटिया पर लेकर एंबुलेंस तक पहुंचे। इसके बाद उन्हें कटोरिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतका के पुत्र उमेश यादव और अनहू यादव सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर पुल नहीं होने के कारण आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल होता है। ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से जल्द नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग की है।