जिलाधिकारी ने बारुण बाईपास में निर्माणाधीन पुल का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा बारुण प्रखंड अंतर्गत बारुण बाईपास में निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने पुल निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता तथा कार्य पूर्ण होने की संभावित समय-सीमा के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग द्वारा जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया कि उक्त पुल तीन स्पैन का है। पुल के एक स्पैन के गर्डर की ढलाई का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि बरसात समाप्त होने एवं नहर में पानी का स्तर कम होने के पश्चात निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी तथा निर्धारित परिस्थितियां अनुकूल रहने पर लगभग तीन माह के अंदर पुल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि पुल निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कार्य की गति के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने तथा कार्य की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी। ऐसे में निर्माण कार्य को पूरी गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ कराया जाए, ताकि आमजन को इसका लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थल पर कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए उत्पन्न होने वाली तकनीकी अथवा अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।