अगले महीने से नई एजेंसी या विभागीय स्तर पर होगी सफाई व्यवस्था
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। नगर परिषद मसौढ़ी की सामान्य बोर्ड बैठक शुक्रवार को सफाई व्यवस्था के मुद्दे पर हंगामेदार रही। बैठक में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी वार्ड पार्षदों ने वर्तमान सफाई एजेंसी की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए एजेंसी को हटाने और नई व्यवस्था लागू करने की मांग की। अंततः सर्वसम्मति से वर्तमान एजेंसी को हटाकर नई एजेंसी बहाल करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद पिंकी देवी ने की। इस दौरान उप मुख्य पार्षद चंद्रकांत कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन सहित नगर परिषद के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में वार्ड पार्षदों ने आरोप लगाया कि वर्तमान सफाई एजेंसी वार्डों में संतोषजनक कार्य नहीं कर रही है। नियमित रूप से झाड़ू नहीं लगाया जा रहा है और नालियों की सफाई भी उपेक्षित है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सभी पार्षदों ने एक स्वर में एजेंसी को तत्काल हटाने की मांग की।
इस पर कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि अगले महीने से नई एजेंसी के माध्यम से अथवा नगर परिषद द्वारा विभागीय स्तर पर सफाई व्यवस्था संचालित की जाएगी, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।
बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा मानसून से पहले नालियों की व्यापक सफाई, क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने पर भी चर्चा हुई।
वार्ड पार्षद उज्ज्वल कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया, जिस पर अधिकारियों ने जांच कर समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सिटी मैनेजर शेखर कुमार प्रसाद ने सभी वार्ड पार्षदों से बिजली, नल-जल योजना और सीसीटीवी से संबंधित आवश्यकताओं का प्रस्ताव अपने लेटर पैड पर लिखकर जल्द नगर परिषद कार्यालय में जमा करने का अनुरोध किया।
बैठक में स्थायी सशक्त समिति के सदस्यों सहित नगर परिषद के सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। बैठक में शहर की सफाई, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।