शीत भंडार, तरकारी आउटलेट तथा अन्य संरचनाओं का निर्माण जारी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। किसानों तथा सब्जी उत्पादकों को बेहतर बाजार एवं विपणन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वेजफेड के माध्यम से शीत भंडार, तरकारी आउटलेट और अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इस सिलसिले में आज मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ वेजफेड के अंतर्गत संचालित योजनाओं तथा विभिन्न आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी।
बैठक में औरंगाबाद की जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के साथ उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर गौरव सिंह, दाउदनगर अमित राजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान वेजफेड के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय आधारभूत संरचना, प्रखंड स्तरीय प्याज भंडारण, तरकारी आउटलेट तथा संघ स्तरीय शीत भंडार निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। राज्य स्तर पर प्रखंड स्तरीय आधारभूत संरचना के लिए प्रति इकाई लगभग 10,000 वर्गफुट क्षेत्रफल एवं 114 लाख, प्याज भंडारण संरचना हेतु 1,500 वर्गफुट एवं 13.05 लाख, तरकारी आउटलेट हेतु 150 वर्गफुट एवं 7.44 लाख तथा संघ स्तरीय शीत भंडार हेतु 25,500 वर्गफुट क्षेत्रफल एवं 368.71 लाख प्रति इकाई लागत निर्धारित है।
बैठक में बताया गया कि राज्य में स्वीकृत 114 प्रखंड स्तरीय आधारभूत संरचना परियोजनाओं में से 107 परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है तथा 93 परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष परियोजनाओं में भूमि उपलब्धता एवं अन्य कारणों से कार्य प्रगति पर है।
समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जिले में वेजफेड के अंतर्गत तीन प्रखंड स्तरीय आधारभूत संरचना परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इन परियोजनाओं के लिए ओबरा, देव एवं मदनपुर प्रखंडों का चयन किया गया है।
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने, भूमि उपलब्धता से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा वेजफेड योजनाओं के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।