आवेदनों के निपटारे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी : अभिलाषा शर्मा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने गुरुवार को सहयोग शिविरों एवं सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक पदाधिकारी अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करें। सहयोग पोर्टल एवं सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों को पूरी गंभीरता से लेते हुए उनके निष्पादन में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदनों के निपटारे में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित अधिकारी आवेदनों की नियमित निगरानी करें और समस्याओं का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के मामले में औरंगाबाद जिले का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। जिले का वर्तमान डिस्पोजल रेट 98.06 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार आवेदनों के त्वरित निष्पादन एवं आम लोगों को प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासरत है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल आवेदन निष्पादित कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका समाधान गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और आवेदक के लिए संतोषजनक होना चाहिए। जिला प्रशासन आम नागरिकों को समयबद्ध एवं प्रभावी सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।