धावा दल ने बरवाडीह जीटी रोड स्थित ढाबे पर की छापेमारी, दोनों बच्चों को तत्काल 3-3 हजार रुपये की सहायता
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले में बाल श्रम की रोकथाम को लेकर प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को बारुन प्रखंड के बरवाडीह जीटी रोड स्थित लक्की खालदा ढाबा से दो बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया गया। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के धावा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान दोनों बच्चों को ढाबे से मुक्त कराते हुए तत्काल सहायता के रूप में 3-3 हजार रुपये प्रदान किए गए।
दोनों विमुक्त बाल श्रमिकों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। वहीं, बच्चों से श्रम कराने वाले नियोजक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
श्रम विभाग के अनुसार बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत दोषी नियोजक को छह माह से दो वर्ष तक कारावास तथा 20 हजार से 50 हजार रुपये तक जुर्माने की सजा हो सकती है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के आलोक में दोषी नियोजक से 20 हजार रुपये जिला बाल कल्याण एवं पुनर्वास कोष में जमा कराने का भी प्रावधान है।
श्रम अधीक्षक, औरंगाबाद ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में धावा दल लगातार सक्रिय है। बाल श्रम की रोकथाम, बाल श्रमिकों की विमुक्ति और उनके पुनर्वास के उद्देश्य से प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य जिले को बाल श्रम से मुक्त बनाना है।
धावा दल में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी नरेश कुमार (बारुन), संजीव कुमार (मदनपुर), रणविजय कुमार (कुटुंबा) तथा संबंधित थाना के पुलिस बल के सदस्य शामिल थे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा, बाल श्रम पर रोक और उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।