तारेगना स्टेशन पर नहीं चढ़ सके यात्री
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती एवं मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ का असर पटना-गया रेलखंड पर साफ देखने को मिल रहा है। भभुआ से पटना आने वाली भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या क्षमता से कई गुना अधिक हो गई, जिससे रेल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि यात्री एक-दूसरे पर चढ़कर सफर करने को मजबूर थे। स्थिति यह थी कि तारेगना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रुकने के बावजूद प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो सके। बोगियों के दरवाजों पर यात्रियों की इतनी भीड़ थी कि गेट तक खोलना मुश्किल हो गया था।
यात्रियों ने बताया कि भीड़ के कारण कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई, जबकि कुछ यात्रियों की तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने की भी सूचना मिली। बोगियों के अंदर हालात ऐसे थे मानो यात्रियों को भेड़-बकरियों की तरह ठूंस-ठूंसकर भर दिया गया हो।
बताया जाता है कि ट्रेन जब परसा और महोली स्टेशन के बीच पहुंची तो कई बार चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया। इस दौरान कुछ नाराज यात्रियों द्वारा पथराव किए जाने की भी सूचना है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
सिपाही भर्ती परीक्षा के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विभिन्न जिलों से पटना और आसपास के परीक्षा केंद्रों की ओर पहुंच रहे हैं। इससे ट्रेनों में अचानक यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है, लेकिन इसके बावजूद नियमित ट्रेनों में भीड़ नियंत्रित करना चुनौती बना हुआ है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से परीक्षा अवधि के दौरान अतिरिक्त कोच जोड़ने तथा विशेष ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की है, ताकि अभ्यर्थियों और आम यात्रियों को राहत मिल सके।