नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले अंतर्गत ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी देव में छठ महापर्व के अवसर पर रविवार की सुबह आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पौराणिक सूर्यकुंड में करीब 10 लाख छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। इसके साथ ही चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हो गया।

इस अवसर पर देव का ऐतिहासिक त्रेतायुगीन सूर्य मंदिर आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर परिसर में सुबह से ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। श्रद्धालु बारी-बारी से भगवान भास्कर का दर्शन-पूजन एवं अर्चन कर रहे थे। छठ महापर्व को लेकर देव में देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान सहित बिहार और झारखंड के कोने-कोने से बड़ी संख्या में छठव्रती यहां पहुंचे थे।

पूरे मेला क्षेत्र एवं सूर्य मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा स्वयं मेला क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहे।

लोकमान्यता है कि देव में छठ व्रत करने से श्रद्धालुओं को भगवान सूर्यदेव की साक्षात उपस्थिति का आध्यात्मिक अनुभव होता है। वहीं, यहां के पौराणिक सूर्यकुंड में अर्घ्य अर्पित करने से मनोवांछित कामनाओं की पूर्ति होती है। इसी अटूट आस्था और विश्वास के कारण देव में प्रत्येक वर्ष चैती एवं कार्तिक छठ के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।