नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार में सरकारी महकमों में फैले भ्रष्टाचार का एक और बड़ा चेहरा सामने आया है। आयकर विभाग में समाज सेवा करने वाले संगठनों एनजीओ को सर्टिफिकेट देने के नाम पर चल रहे ‘रिश्वत के खेल’ का सीबीआई ने भंडाफोड़ किया। बिहार के अलग-अलग जिलों से आने वाले एनजीओ संचालकों के लिए टैक्स छूट से जुड़े जरूरी प्रमाणपत्र (12A और 80G) हासिल करना जी का जंजाल बन चुका था। श्रवण ज्योति विवेकानंद संस्थान के साथ भी ऐसा ही हुआ, जब उनके आवेदन के बदले आयकर विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर सुनंदा ने 75 हजार रुपये की रिश्वत मांग ली।
पटना के आयकर विभाग कार्यालय में एक बार फिर भ्रष्टाचार का बड़ा खेल सामने आया है। सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए असिस्टेंट कमिश्नर सुनंदा को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि समाज सेवा करने वाले एक एनजीओ श्रवण ज्योति विवेकानंद संस्थान को 12ए और 80जी का प्रमाणपत्र देने के बदले साहब ने पूरे 75 हजार रुपये का सौदा तय किया था। रिश्वत की पहली किस्त लेते ही सीबीआई ने क्लर्क के साथ अधिकारी को भी धर दबोचा। यह कार्रवाई साबित करती है कि सरकारी दफ्तरों में बिना ‘सुविधा शुल्क’ के जायज काम होना भी कितना मुश्किल हो चुका है।
जिसके लिए असिस्टेंट कमिश्नर सुनंदा जी ने 75 हजार रुपये की डिमांड रख दी। हद तो यह है कि खुद हाथ गंदे न हों, इसलिए क्लर्क महोदय को बीच में लगाया गया था। लेकिन एनजीओ वालों ने भी ठान ली थी कि रिश्वत नहीं, सीबीआई का रास्ता चुनेंगे। नतीजा? 15 हजार की पहली किस्त जेब में जाते ही मैडम और उनके मददगार क्लर्क सीधे सीबीआई के मेहमान बन गए।
जब संस्थान के प्रतिनिधि ने इस मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के खिलाफ आवाज उठाने की ठानी, तो सीबीआई हरकत में आई। एक क्लर्क के माध्यम से 15 हजार रुपये की पहली किस्त स्वीकार करते ही महिला अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई उन तमाम संस्थाओं के लिए एक बड़ी राहत की तरह है, जिन्हें प्रमाणपत्रों और विभागीय प्रक्रियाओं के नाम पर लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। सीबीआई अब उन सभी पीड़ितों के आरोपों की जांच कर रही है। अब सीबीआई इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या बिहार के अन्य जिलों से आने वाले एनजीओ संचालकों को भी इसी तरह प्रताड़ित किया जाता था। जांच का दायरा बढ़ने पर कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।