करीब 30 मिनट तक हुई नोकझोंक, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद खुला गेट, बिना मीटर के मिला बिजली कनेक्शन
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 स्थित सहबेगपुर में नगर परिषद के सौजन्य से निर्मित बाल मनोरंजन केंद्र पार्क में मंगलवार को बिजली चोरी की शिकायत पर हाथीदह बिजली सबडिवीजन की टीम ने छापेमारी की। बिजली अधिकारियों की टीम के पार्क पहुंचते ही वहां तैनात गार्ड ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया और पार्क का गेट बंद कर दिया। इसको लेकर गार्ड और बिजली विभाग के अधिकारियों के बीच करीब 30 मिनट तक नोकझोंक होती रही।
स्थिति बिगड़ती देख बिजली विभाग के अधिकारियों ने मामले की सूचना मोकामा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। इसके बाद पार्क का गेट खोला गया और बिजली विभाग की टीम ने पार्क के अंदर पहुंचकर विद्युत कनेक्शन की जांच की।
विद्युत सहायक अभियंता सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी कि बाल मनोरंजन केंद्र पार्क में अवैध तरीके से बिजली का उपयोग किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर विभाग की टीम जांच के लिए पार्क पहुंची थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पार्क में बिजली का कनेक्शन तो पाया गया, लेकिन वहां मीटर नहीं लगा हुआ था।
सहायक अभियंता के अनुसार, बिना मीटर के बिजली कनेक्शन पाए जाने के बाद फिलहाल पार्क की बिजली आपूर्ति काट दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मीटर लगने के बाद ही बिजली कनेक्शन दोबारा चालू किया जाएगा। विभाग की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, सहायक अभियंता सुरेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि पार्क में तैनात गार्ड ने बिजली विभाग के कर्मियों के साथ बदतमीजी की तथा जांच के लिए उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। गार्ड द्वारा गेट बंद कर दिए जाने के कारण बिजली कर्मियों को करीब आधे घंटे तक बाहर रहना पड़ा। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जांच की कार्रवाई पूरी हो सकी।
छापेमारी के दौरान विद्युत कनीय अभियंता हाथीदह तरुण कुमार समेत बिजली विभाग के कई कर्मी मौजूद थे। घटना को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि पार्क में बिना मीटर के बिजली कनेक्शन किस आधार पर संचालित हो रहा था।