नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। थाना क्षेत्र के खरजामा गांव के समीप खेत में एक आम के पेड़ से 28 वर्षीय शिक्षक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान निशांत कुमार (28), पिता बिंदेश्वर प्रसाद उर्फ मंडल, निवासी खरजामा के रूप में हुई है। वह एक निजी विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत था।
परिजनों के अनुसार निशांत शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे से लापता था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह खरजामा और जिलालबीघा गांव के बीच स्थित खेत में आम के पेड़ से उसका शव लटका हुआ पाया गया। जिस स्थान पर शव मिला, वह मृतक का ही खेत एवं केबिन बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के कई गांवों के लोग मौके पर जुट गए। मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और न ही किसी प्रकार का जमीन या संपत्ति विवाद था। ऐसे में उसकी मौत कैसे हुई, यह बड़ा सवाल है।
सूचना मिलने पर मसौढ़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल को घेरकर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मौके से कुछ सामान भी जब्त किया है, जिसकी जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कई लोगों का मानना है कि मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत होता है और अपराधियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।