नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जम्होर थाना क्षेत्र के बरौली बिगहा गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी शंभू कुमार के पुत्र सुबोध के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक डिहरा लख स्थित घाट से बालू लेकर ओबरा के कारा बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान लख डिहरा और कारा के बीच स्थित बरौली बिगहा गांव में सड़क किनारे खेल रहा मासूम अचानक सड़क पर आ गया। बताया जाता है कि उसकी मां उसे पकड़कर घर के अंदर ले जाने का प्रयास कर रही थी, तभी वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर बंधक बना लिया। चालक की पहचान कुरमाईन गांव निवासी जयराम के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तथा जम्होर थाना अध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोगों ने विरोध जताते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस भी की।
हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने मासूम के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता ने बताया कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं ग्रामीणों के कब्जे से चालक को मुक्त कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद बरौली बिगहा गांव में मातम पसरा हुआ है। मासूम की असमय मौत से परिवार सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।