धनबाद। धनबाद से अलप्पुझा जाने वाली धनबाद-एल्लेपी एक्सप्रेस शुक्रवार को अपने निर्धारित समय से 1 घंटा 25 मिनट की देरी से रवाना हुई। ट्रेन के एसी कोच बी-6 में एयर कंडीशनिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण ट्रेन को धनबाद स्टेशन पर रोकना पड़ा। रेलवे कर्मियों ने खराबी को दूर करने के बाद ट्रेन को दोपहर करीब 1 बजे रवाना किया।
धनबाद स्टेशन से इस ट्रेन के प्रस्थान का निर्धारित समय सुबह 11:35 बजे है, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण ट्रेन समय पर नहीं खुल सकी। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा और उनमें बेचैनी देखी गई। रेलवे कर्मचारियों द्वारा एसी सिस्टम की मरम्मत पूरी होने के बाद यात्रियों को राहत मिली और ट्रेन को सुरक्षित रूप से रवाना किया गया।
धनबाद-एल्लेपी एक्सप्रेस एक प्रमुख दैनिक लंबी दूरी की ट्रेन है, जो धनबाद जंक्शन से अलप्पुझा (केरल) तक लगभग 2535 किलोमीटर की यात्रा करती है। यह ट्रेन बोकारो स्टील सिटी, रांची, राउरकेला, झारसुगुड़ा, विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा, चेन्नई सेंट्रल, कोयंबटूर, पलक्कड़, त्रिशूर और एर्नाकुलम सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरती है।