सुरक्षा जांच के बाद शुरू होगा ट्रेनों का परिचालन, रेल यातायात की क्षमता बढ़ने की उम्मीद
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। हाथीदह में बन रहे नए डबल लेन रेलवे पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। पुल पर इंटरलॉकिंग का काम भी पूरा कर लिया गया है। फिलहाल रेलवे के सेफ्टी कमिश्नर की मौजूदगी में पुल का निरीक्षण और तकनीकी सुरक्षा जांच की जा रही है।
दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार के अनुसार, पुल की सुरक्षा जांच शनिवार से शुरू हुई है, जो रविवार तक चलेगी। जांच के बाद सेफ्टी कमिश्नर की मंजूरी मिलते ही नए पुल पर ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
नए पुल पर सिंगल लाइन के साथ दो अतिरिक्त रेल लाइनें भी तैयार की गई हैं। इससे ट्रेनों के परिचालन में सुविधा बढ़ने के साथ रेल यातायात की क्षमता में भी वृद्धि होगी। नए पुल के चालू होने से ट्रेनों के संचालन में होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है।
इधर, हाथीदह अपर जंक्शन के प्लेटफॉर्म निर्माण का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्लेटफॉर्म से जुड़े शेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
रेलवे की यह परियोजना उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नए पुल के चालू होने के बाद ट्रेनों का परिचालन अधिक सुगम होने और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।