व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र परिवारों से आवेदन करने की अपील
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा पात्र परिवारों को शीघ्र राशन कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राशन कार्ड निर्माण एवं सत्यापन का कार्य तेज गति से संचालित किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार सभी प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रतिदिन आवेदन प्राप्त करने, उनका त्वरित सत्यापन करने तथा योग्य लाभुकों को समयबद्ध रूप से राशन कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।
इस संबंध में आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षा बैठक आहूत की गई। जिले की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार राशन कार्ड निर्माण अभियान में लगातार संतोषजनक उपलब्धि प्राप्त हो रही है। निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी प्रखंडों में आवेदन प्राप्ति एवं सत्यापन की प्रक्रिया निरंतर जारी है तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिदिन इसकी समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 26 जुलाई 2026 तक जिले में 48,241 आवेदन प्राप्त करने के लक्ष्य के विरुद्ध 31,905 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का 103.34 प्रतिशत है। वहीं 05 अगस्त 2026 तक निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु 27 जुलाई 2026 को एक ही दिन में 2,283 नए आवेदन प्राप्त किए गए, जो निर्धारित दैनिक लक्ष्य 1,737 के विरुद्ध 131.46 प्रतिशत उपलब्धि है।
बैठक में आवेदन सत्यापन की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 27 जुलाई 2026 तक प्राप्त 34,188 आवेदनों में से 33,185 आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है, जिससे जिले की कुल सत्यापन दर 97.07 प्रतिशत हो गई है। केवल 1,003 आवेदन सत्यापन हेतु लंबित हैं।
जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं, पंचायत प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राशन कार्ड निर्माण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार आवेदन करने से वंचित न रहे। इसके लिए पंचायत स्तर पर माइकिंग, सूचना पट्ट, सोशल मीडिया, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सूचना प्रसारित करने तथा आम नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बना है अथवा जो पात्र होने के बावजूद आवेदन नहीं कर सके हैं, वे अविलंब निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें। प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित सत्यापन कर नियमानुसार राशन कार्ड निर्गत करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
बैठक में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी औरंगाबाद गौरव सिंह उपस्थित थे। सभी बीडीओ, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।