नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भाजपा के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने पटना स्थित लोक सेवक भवन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र तथा जिले के विकास एवं राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-139 के फोरलेन निर्माण तथा बिहार-झारखंड की अंतर्राज्यीय बटाने जलाशय सिंचाई परियोजना प्रमुख विषय रहे।
पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री को बताया कि राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-139 (पटना-अरवल-औरंगाबाद-हरिहरगंज एवं झारखंड सीमा तक) एक महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय मार्ग है, जो बिहार के साथ-साथ झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों को राजधानी पटना तथा उत्तर बिहार से जोड़ता है। उन्होंने आग्रह किया कि सड़क के चौड़ीकरण (फोरलेनिंग) का तकनीकी रूप से पूर्ण और विस्तृत प्रस्ताव केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा जाए।
सुशील कुमार सिंह ने बताया कि 5 जून को उनकी मुलाकात भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि बिहार सरकार की ओर से अब तक केवल दूरी और अनुमानित लागत संबंधी रिपोर्ट भेजी गई है, जबकि परियोजना की विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस पर मुख्यमंत्री ने अपने सचिव लौकेश कुमार सिंह को निर्देश दिया कि NHAI से समन्वय स्थापित कर आवश्यक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र भेजी जाए।
बैठक में बटाने जलाशय सिंचाई परियोजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पूर्व सांसद ने बताया कि यह परियोजना लगभग 14 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि परियोजना की बाईं नहर बिहार क्षेत्र में अत्यंत जर्जर स्थिति में है, जबकि दाईं नहर का निर्माण अब तक अधूरा है। डैम और बराज का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद डैम के फाटक को ऊपर उठाकर वेल्डिंग कर दिए जाने से जल संग्रहण नहीं हो पाता और किसानों को सिंचाई का लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि डैम के डूब क्षेत्र में आने वाली भूमि के मुआवजे का मामला अभी तक लंबित है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि बिहार और झारखंड के संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर परियोजना को शीघ्र पूरा कराया जाए ताकि किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर देव के पूर्व उप प्रमुख मनीष पाठक तथा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मितेन्द्र कुमार सिंह भी उपस्थित थे।