नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मसौढी। पटना से धनबाद जाने वाली गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में शुक्रवार की देर रात बड़ा हादसा होने से बच गया। ट्रेन की फर्स्ट क्लास एसी ए-1 बोगी की ब्रेक बाइंडिंग में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। पटना जंक्शन से यह ट्रेन रात करीब 12 बजे धनबाद के लिए रवाना हुई थी। पटना से खुलने के तुरंत बाद मसौढ़ी स्टेशन के पहले नदवां स्टेशन पर स्टेशन के लोगों ने ए-1 बोगी से धुआं निकलते देखा। जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया।

ट्रेन के पायलट कर्मी ने तकनीकी स्टाफ के सहयोग से ए-1 बोगी के नीचे चक्के की जांच की। जांच में पता चला कि ब्रेक बाइंडिंग के घटना में आग लगने की पुष्टि नहीं हुई है। ब्रेक बाइंडिंग की तकनीकी समस्या के कारण धुआं निकल रहा था। ट्रेन को वहां करीब 45 मिनट तक रोकना पड़ा। जिसके बाद ब्रेक बाइंडिंग की समस्या दूर की गई और ट्रेन को रात 12.30 बजे के करीब धनबाद के लिए रवाना किया गया।जहानाबाद आरपीएफ के इंस्पेक्टर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ब्रेक बाइंडिंग की तकनीकी समस्या के कारण यह घटना हुई, जिसे समय रहते रोक कर लिया गया।
रेलवे में ब्रेक बाइंडिंग ऐसी तकनीकी स्थिति है, जिसमें ब्रेक रिलीज होने के बाद भी ब्रेक शू पहिये से पूरी तरह अलग नहीं हो पाता व पहिये पर लगातार रगड़ खाता रहता है। इससे पहिया व ब्रेक के हिस्से असामान्य रूप से गर्म हो जाते हैं। अत्यधिक गर्मी की स्थिति में धुआं या जलने जैसी गंध भी आ जाती है। ऐसी स्थिति में सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेन को रोककर जांच व जरूरी सुधार करना बेहद जरूरी हो जाता है। ब्रेक बाइंडिंग की समस्या दूर होने के बाद ही ट्रेन को आगे रवाना किया जाता है। हालांकि, इस घटना में आग लगने की पुष्टि नहीं हुई है। तकनीकी समस्या दूर होने के बाद ट्रेन के सुरक्षित रवाना होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। अतः रेलवे कर्मचारियों को इस प्रकार की तकनीकी गड़बड़ियों से बचने के लिए समय-समय पर ब्रेकिंग सिस्टम की नियमित रूप से पूरी तरह से जांच करनी चाहिए।