पीएम सूर्य घर योजना के तहत औरंगाबाद में सोलर मेला आयोजित, लोगों को दी गई सौर ऊर्जा की जानकारी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत विद्युत उपभोक्ताओं को सहज, सुलभ एवं किफायती सौर ऊर्जा उपलब्ध कराने तथा बिजली खर्च में कमी लाने के उद्देश्य से ऊर्जा विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को औरंगाबाद के नगर भवन में विशेष सोलर मेला आयोजित किया गया। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं के बिजली खर्च को कम करने और उन्हें निशुल्क बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोगों से इस योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविन्द कुमार ने कहा कि अधिक से अधिक उपभोक्ता अपने घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करें। उन्होंने बताया कि योजना के तहत सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है, जिससे सोलर सिस्टम लगाना पहले की अपेक्षा अधिक किफायती हो गया है।
मेले में विभिन्न सोलर कंपनियों ने अपने उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया। इसी क्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत कार्यरत सोलर माउंट एनर्जी ने भी अपना स्टॉल लगाकर उपभोक्ताओं को आधुनिक सौर ऊर्जा से जुड़े विभिन्न समाधान की जानकारी दी।
सोलर माउंट एनर्जी के संचालक अजहर खान ने बताया कि कंपनी का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे अपने घर, दुकान, फैक्ट्री, स्कूल, अस्पताल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आधुनिक सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर बिजली बिल पर होने वाले खर्च में उल्लेखनीय बचत कर सकें। उन्होंने कहा कि कंपनी उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम की स्थापना से लेकर तकनीकी परामर्श एवं आवश्यक सहायता भी उपलब्ध करा रही है।
मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा सोलर रूफटॉप सिस्टम, सरकारी सब्सिडी, नेट मीटरिंग और स्थापना प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
मौके पर डीडीसी कुमारी अनुपम सिंह, एडीएम अनुग्रह नारायण सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।