नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। अब राज्य के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक सरकारी विद्यालय सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। यह व्यवस्था 22 जून से 30 जून तक प्रभावी रहेगी।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर ने सभी प्रमंडलीय आयुक्तों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) तथा संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर नए समय-सारिणी के अनुसार विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
निदेशक ने अपने आदेश में कहा है कि ग्रीष्मकाल के दौरान राज्य में बढ़ते तापमान, उमस और लू की स्थिति को ध्यान में रखते हुए छात्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। निर्धारित अवधि तक सभी सरकारी विद्यालय इसी समय-सारिणी के अनुसार संचालित किए जाएंगे।
हालांकि, स्थानीय मौसम की गंभीरता और परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित जिला पदाधिकारियों (डीएम) को विद्यालय संचालन की समयावधि में आवश्यक संशोधन करने अथवा विद्यालयों को बंद रखने का अधिकार भी दिया गया है।
शिक्षा विभाग के इस निर्णय से भीषण गर्मी के बीच छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही विद्यालय प्रशासन को भी बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने का निर्देश दिया गया है।