नवबिहार टाइम्स संवाददाता
बरौनी (बेगूसराय)। नगर परिषद बरौनी क्षेत्र में मुहर्रम के अवसर पर मानवता, सेवा और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। हेल्थ केयर क्लीनिक के बैनर तले नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों एवं ताजिया जुलूस में शामिल लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया। वहीं, क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए ताजिया जुलूस में शामिल प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और आम लोगों के बीच शीतल शर्बत का भी वितरण किया गया। इस सेवा कार्य की लोगों ने सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम का नेतृत्व मो. ग्यासउद्दीन एवं डॉ. गणेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। उनके मार्गदर्शन में पूरी टीम ने सेवा भावना के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। शिविर में डॉ. गणेश कुमार, डॉ. आकाश, डॉ. रौशनी प्रवीण, डॉ. सदाफ नियाज़, मो. तनवीर, सिस्टर अमिता और सिस्टर खुशबू सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. गणेश कुमार ने कहा कि “मुहर्रम केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, सेवा और मानवता का भी प्रतीक है। ऐसे अवसर पर जरूरतमंदों की सहायता करना हमारा सामाजिक दायित्व है। भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाना और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य था।”
वहीं डॉ. आकाश ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनसेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस आयोजन ने न केवल सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि सामूहिक प्रयास और सेवा भावना के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। सेवा, समर्पण और सद्भाव की यह पहल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।