ड्यूटी रोस्टर देखकर अधिकारियों से किए सवाल, लापरवाही पर लगाई फटकार, डीएम वर्षा सिंह भी पहुंचीं अस्पताल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने गुरुवार की शाम हाजीपुर सदर अस्पताल का अचानक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत परखी। मंत्री के औचक पहुंचते ही अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड से लेकर ड्यूटी रोस्टर और विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान कुछ व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
स्वास्थ्य मंत्री सीधे इमरजेंसी वार्ड पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों को मिल रही सुविधाओं, डॉक्टरों की मौजूदगी तथा इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अस्पताल का ड्यूटी रोस्टर देखा। रोस्टर में व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
औचक निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी को लेकर भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री के तेवर को देखते हुए अस्पताल के अधिकारियों में काफी हलचल रही।
स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण की जानकारी मिलने के बाद वैशाली की डीएम वर्षा सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचीं। इसके बाद मंत्री ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों और अस्पताल कर्मियों से भी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
स्वास्थ्य मंत्री के अचानक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खासकर ड्यूटी रोस्टर को लेकर मंत्री की नाराजगी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों की ओर से व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।