ऑटो से बाढ़ लौट रहा था बर्तन व्यवसायी, पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, चालक वाहन लेकर फरार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा थाना क्षेत्र के शिवनार फोरलेन पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बाढ़ थाना क्षेत्र के जमुनीचक निवासी संतोष कुमार के रूप में हुई है। वह बर्तन का व्यवसाय करता था। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार संतोष कुमार ऑटो से बेगूसराय से बाढ़ की ओर लौट रहा था। इसी दौरान शिवनार पेट्रोल पंप के समीप उसने ऑटो रुकवाया और सड़क किनारे पेशाब करने चला गया। वहां से वापस लौटकर जब वह ऑटो में सवार होने जा रहा था, तभी सामने से तेज गति से आ रहे हाइवा की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संतोष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मोकामा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार हाइवा चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।