शौच के लिए गए थे जितेंद्र पासवान, साउथ बिहार एक्सप्रेस की चपेट में आए
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा रेल थाना क्षेत्र के कन्हाईपुर रेलवे स्टेशन के समीप अप लाइन पर गुरुवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान कन्हाईपुर निवासी जितेंद्र पासवान (50) के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, जितेंद्र पासवान सुबह कन्हाईपुर रेलवे स्टेशन के समीप शौच के लिए गए थे। इसी दौरान अप लाइन पर आ रही साउथ बिहार एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोकामा रेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मोकामा रेल थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि साउथ बिहार एक्सप्रेस की चपेट में आने से जितेंद्र पासवान की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।