नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपूत नगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत करीब तीन दिन पहले हुई होगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर औद्योगिक थाना पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए सभी आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत होता है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या तथा अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया है और मृतक के परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।