नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। एसटीएफ पटना और पुनपुन थाना क्षेत्र के केवड़ा ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार निर्माण एवं तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस, 32 राइफल बैरल तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त भारी मात्रा में उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई में हथियार निर्माता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पहले केवड़ा ओपी क्षेत्र के सरैया गांव के पास नालंदा जिले के कराय परशुराय थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी ललन कुमार सिंह को एक पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने यह हथियार केवड़ा निवासी सिद्धनाथ विश्वकर्मा से खरीदा था।
ललन की निशानदेही पर एसटीएफ और केवड़ा पुलिस ने सिद्धनाथ विश्वकर्मा के घर छापेमारी की।
जांच में पता चला कि वह लोहे की ग्रिल की दुकान की आड़ में अवैध मिनी गन फैक्ट्री संचालित कर रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 32 राइफल बैरल, कई अर्धनिर्मित पिस्तौल, हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें, उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की। मौके से सिद्धनाथ विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अवैध हथियार बनाकर नालंदा, जहानाबाद तथा आसपास के जिलों में उनकी आपूर्ति करता था। पुलिस अब उसके सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
इस संबंध में एसडीपीओ-2 कन्हैया सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने पहले एक आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ। छापेमारी में भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण और राइफल बैरल बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।