नवबिहार टाइम्स संवाददाता
गोविंदपुर (नवादा)। गोविंदपुर थाना क्षेत्र के करणपुर गांव स्थित विष्णु घाट (सकरी नदी) में अवैध बालू खनन के खिलाफ खनन विभाग और गोविंदपुर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अवैध बालू खनन एवं ढुलाई में प्रयुक्त सात ट्रैक्टर, दो बाइक तथा एक ट्रैक्टर का डाला जब्त किया गया। यह कार्रवाई बुधवार को की गई।
संयुक्त टीम के घाट पर पहुंचते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान एक चालक ट्रैक्टर का इंजन निकालकर केवल डाला छोड़कर भागने में सफल रहा। जब्त सभी वाहनों को गोविंदपुर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
गोविंदपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि खनन विभाग के अधिकारी संतोष कुमार के निर्देश पर अभियान चलाया गया। कार्रवाई में खनन विभाग के अधिकारियों के अलावा एएसआई ब्रजकिशोर कुमार, एएसआई रामबली प्रसाद तथा पुलिस बल के जवान शामिल थे। संयुक्त टीम ने करणपुर विष्णु घाट पर छापेमारी कर अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को जब्त किया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि खनन विभाग से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद जब्त ट्रैक्टरों एवं बाइक के मालिकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। साथ ही फरार चालकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध बालू खनन और तस्करी से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस और खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।