बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सही परामर्श उपलब्ध करवाना आइएमए की प्राथमिकता
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) औरंगाबाद शाखा की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया गया है। बुधवार की रात सिविल सर्जन डॉ. कृष्णा कुमार एवं जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों की मौजूदगी में आयोजित अहम बैठक में सर्वसम्मति से नई टीम का शहर के आइएमए हॉल में चुनाव किया गया।
नई कार्यकारिणी में प्रख्यात एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बृज किशोर सिंह को अध्यक्ष चुना गया है, वहीं डॉ. अभय कुमार को सचिव और डॉ. वकील अहमद को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस मौके पर नई कार्यकारिणी ने वर्ष 2026-27 के लिए अपनी भावी योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। आइएमए के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि आइएमए सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देगी।

इस अवसर पर डॉ. बृज किशोर सिंह ने कहा, “मेरा उद्देश्य मरीज और चिकित्सकों के बीच जो दूरी बढ़ रही है, उसको दूर करना है, वहीं आइएमए के किसी भी सदस्य को परेशानी न होने पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, निशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर तथा सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सही जानकारी मिल सके।
डॉ सिंह ने जनवरी 2027 में औरंगाबाद में एक राज्यस्तरीय मेडिकल सेमिनार आयोजित करने की भी घोषणा की। इस सेमिनार में बिहार के साथ-साथ देशभर के विशेषज्ञ चिकित्सक भाग लेंगे और ग्रामीण स्वास्थ्य की चुनौतियों पर मंथन करेंगे। साथ ही साथ कुछ क्रिटिकल ऑपरेशन भी किए जाएंगे। आने वाले दिनों में ‘हार्ड टू रिच एरिया’ में मेगा स्वास्थ्य शिविर लगाएंगे जहां, आज भी डॉक्टर की शक्ल देखना मुश्किल है। खासकर दूरदराज के ग्रामीण इलाके और नक्सल प्रभावित क्षेत्र हमारी प्राथमिकता होंगे।
निवर्तमान सचिव डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि बीते साल आइएमए ने 2 बड़े मेगा हेल्थ कैंप लगाए। आईएमए परिसर में 700 मरीजों और पुलिस केंद्र में 350 लोगों का मुफ्त इलाज हुआ। उन्होंने कहा कि अभी बहुत कुछ करना बाकी है। सबसे बड़ी बात है कि आइएमए से 12 नए सदस्य जुड़े और कदम से कदम मिलाकर साथ चलने के प्रति संकल्पित हुए।
कार्यक्रम में आगे की निरंतरता के लिए 2027-28 की टीम भी घोषित कर दी गई। इसमें डॉ. अनिल कुमार सिन्हा अध्यक्ष, डॉ. पुष्पेंद्र कुमार सचिव और डॉ. बी. किशोर कोषाध्यक्ष होंगे।