नवबिहार टाइम्स संवाददाता
बारून (औरंगाबाद)। लगातार हो रही बारिश के कारण इंद्रपुरी बराज में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। बुधवार को बराज का जलस्तर बढ़ने के बाद 69 में से 34 गेट खोल दिए गए। इन गेटों के माध्यम से सोन नदी में करीब 1.94 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के तटीय इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जल संसाधन विभाग की मॉनिटरिंग कार्यपालक अभियंता भारती रानी ने बताया कि बुधवार को इंद्रपुरी बराज में करीब 2.06 लाख क्यूसेक पानी की आवक हो रही थी। वहीं, झारखंड के मोहम्मदगंज स्थित भीम बराज से भी 80 हजार क्यूसेक से अधिक पानी इंद्रपुरी बराज की ओर पहुंच रहा है। पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए विभाग के अधिकारी बराज की स्थिति पर 24 घंटे नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने बताया कि बराज का निर्धारित जलस्तर बनाए रखने के बाद अतिरिक्त पानी को सोन नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पश्चिमी संयोजक नहर में 7,816 क्यूसेक और पूर्वी संयोजक नहर में 4,255 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
पानी की आवक अधिक होने के कारण बराज के 34 गेट खोलकर सोन नदी में पानी का बहाव कराया जा रहा है। जल संसाधन विभाग की टीम लगातार जलस्तर, पानी की आवक और निकासी की निगरानी कर रही है।
इधर, इंद्रपुरी बराज से बड़ी मात्रा में पानी सोन नदी में छोड़े जाने के बाद औरंगाबाद जिला प्रशासन ने ओबरा और दाउदनगर के सोन तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क किया है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों और खासकर बच्चों को नदी के किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए सावधानी बरतें और किसी भी तरह का जोखिम न लें। संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं।