पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय में स्थापना दिवस समारोह आयोजित, सुरक्षा जवानों की आकर्षक परेड ने मोहा मन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही एनटीपीसी ने शनिवार को अपना 52वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय में आयोजित समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विल्सन अब्राहम द्वारा एनटीपीसी का ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से एनटीपीसी गीत गाया।

समारोह के दौरान सुरक्षा जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की, जिसकी महाप्रबंधक विल्सन अब्राहम ने सलामी ली। इसके बाद उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों को संबोधित किया। एनटीपीसी की गौरवशाली विकास यात्रा और उपलब्धियों के प्रतीक के रूप में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं।

अपने संबोधन में विल्सन अब्राहम ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनटीपीसी ने अपनी 52 वर्षों की यात्रा में ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किए हैं। उन्होंने कंपनी की उपलब्धियों और विकास में कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की। साथ ही पूर्वी क्षेत्र-1 के अंतर्गत आने वाली विभिन्न परियोजनाओं एवं विद्युत स्टेशनों के योगदान और प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर एनटीपीसी इंजीनियरिंग ऑफिस परिसर, नोएडा से अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह के संबोधन का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यालय में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उनका संबोधन देखा और सुना। गुरदीप सिंह ने एनटीपीसी की अब तक की विकास यात्रा, उपलब्धियों और निगम की नई गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कंपनी की प्रगति में कर्मचारियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए तकनीकी बदलावों और नवाचारों को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
समारोह में अपर महाप्रबंधक (टीएस) अरूपम विश्वास, अपर महाप्रबंधक (पीईएम) संजीव कुमार भारती, उप महाप्रबंधक (नैगम संचार) विश्वनाथ चन्दन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।