नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पाकुड़। अमड़ापाड़ा बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद लूट का पुलिस ने महज 10 दिनों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब एक किलो चांदी के आभूषण, 12 हजार 700 रुपये नकद, तीन देसी हथियार, सात जिंदा कारतूस, दो बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
एसपी अनुदीप सिंह ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को अमड़ापाड़ा बाजार में दुर्गा मंदिर के समीप किशुन वर्मा ज्वेलर्स में तीन हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दुकान संचालक आकाश वर्मा के फर्दबयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 68/26 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। छह अलग-अलग टीमों ने तकनीकी, वैज्ञानिक और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच और छापेमारी की। इसी क्रम में देवघर निवासी प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण यादव, बांका निवासी हर्ष आनंद उर्फ हर्ष यादव और कमल कुमार किशोर उर्फ कमल यादव को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर करीब एक किलो चांदी के जेवर, 33 चांदी के सिक्के, हेयर क्लिप, कमरबंद, कड़े समेत अन्य आभूषण बरामद हुए। इसके अलावा जेवर रखने की पांच ट्रे, ज्वेलर्स के नाम वाले तीन बैग, आभूषण नापने की मशीन, छह प्लास्टिक डिब्बे और जेवर गलाने में इस्तेमाल होने वाले पत्थर भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, 7.65 एमएम के पांच और 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, एक खाली मैगजीन तथा लूट में इस्तेमाल पैशन प्रो और पल्सर एन-160 बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रवीण कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ देवघर, बोकारो, जामताड़ा और गोड्डा में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।