नवबिहार टाइम्स संवाददाता
रफीगंज (औरंगाबाद)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को रफीगंज शहर के कासमा रोड स्थित कारगिल गैस एजेंसी परिसर में अमर शहीद शिवशंकर गुप्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनकी पुण्य स्मृति में प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में शहीद की पत्नी रेखा देवी, पुत्र राहुल कुमार, परिजन, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर देश के वीर सपूत को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल युद्ध में शहीद शिवशंकर गुप्ता ने अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग और शौर्य सदैव देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
वक्ताओं ने शहीद के पिता नंदलाल प्रसाद गुप्ता का सम्मान करते हुए कहा कि ऐसे वीर पुत्र को जन्म देकर उन्होंने न केवल औरंगाबाद जिले बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। सभी ने एक स्वर में कहा कि अमर शहीद शिवशंकर गुप्ता का त्याग, समर्पण और बलिदान जिले के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। कार्यक्रम के दौरान “एक दीप शहीद के नाम” अभियान के तहत दीप प्रज्ज्वलित कर भी उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष शंभू कुमार, अपर थानाध्यक्ष कौशलेंद्र कुमार, एएसआई जयप्रकाश वाजपेयी, शहीद के पिता नंदलाल प्रसाद गुप्ता, भाई शिवदयाल प्रसाद गुप्ता, पत्नी रेखा देवी, बेटी निशा कुमारी, पुत्र राहुल कुमार, गोलू कुमार, रोहित कुमार, गोपाल सिंह, राकेश कुमार, रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।