नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा राज्य के 29 जिलों में बज्रगृह (Strong Room) एवं परीक्षा भवन (Examination Hall) का निर्माण कराए जाने का निर्णय लिया गया है।
उक्त भवन का उपयोग विभिन्न परीक्षाओं से संबंधित गोपनीय सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव तथा परीक्षा के सफल संचालन के लिए किया जाएगा। इसी क्रम में आज विकास आयुक्त, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक की गई।
विभिन्न चुनावों के दौरान विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में बज्रगृह (Strong Room) एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के कारण पठन-पाठन प्रभावित होता है। पृथक परिसर में बज्रगृह एवं परीक्षा भवन के निर्माण से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी।
साथ ही, भवन के अव्यवहृत अवधि में संबंधित विद्यालय/महाविद्यालय द्वारा इसका उपयोग पाठ्यक्रमीय एवं पाठ्येतर गतिविधियों सहित बहुउद्देशीय कार्यों के लिए किया जा सकेगा।
उक्त भवन के निर्माण हेतु विद्यालय/महाविद्यालय परिसर में उपयुक्तता के आधार पर एक से डेढ़ एकड़ भूमि/भूखंड उपलब्ध कराया जाना है। भूखंड की न्यूनतम लंबाई 288 फीट एवं चौड़ाई 200 फीट निर्धारित की गई है।
निर्मित भवन का स्वामित्व बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का होगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति एवं संबंधित विद्यालय/महाविद्यालय के बीच समझौते के आधार पर भवन से प्राप्त राजस्व का साझा किया जाएगा। भवन के उपयोग एवं संचालन की निगरानी हेतु जिला प्रशासन द्वारा एक समिति का गठन किया जाएगा।
इसी क्रम में जिला मुख्यालय में उपयुक्त विद्यालय/महाविद्यालय परिसर में निर्धारित मापदंड के अनुरूप भूमि/भूखंड चिन्हित कर उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा द्वारा अपर समाहर्ता, राजस्व को उक्त प्रयोजन हेतु उपयुक्त भूमि/भूखंड का शीघ्र चिन्हीकरण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।