नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नाई (ठाकुर) समाज की सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक भागीदारी सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर आगामी 13 जून 2026 को पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में नाई समाज के लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य नाई (ठाकुर) समाज को एकजुट कर केंद्र एवं राज्य सरकार के समक्ष अपनी भागीदारी और सामाजिक शक्ति का प्रदर्शन करना है। आयोजकों ने बताया कि समाज लंबे समय से राष्ट्रीय केश कला बोर्ड तथा आयोग के गठन की मांग कर रहा है। इसके लिए भारत सरकार से कानून बनाकर इस व्यवस्था को लागू करने की मांग उठाई जाएगी।
आयोजकों का कहना है कि सम्मेलन में पारित प्रस्तावों और मांगों को बिहार सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा, ताकि समाज के हितों से जुड़े मुद्दों पर ठोस पहल हो सके।
इसको लेकर आयोजित बैठक में कर्पूरी विकास मंच एवं नाई समाज के अध्यक्ष रामप्रवेश ठाकुर ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर कर्पूरी विकास मंच के कोषाध्यक्ष उदय ठाकुर, प्रीति शर्मा, विजय ठाकुर, मंटू ठाकुर, दयानंद ठाकुर, चंद्रदीप ठाकुर तथा नंदवंशी सेवा संगठन के अध्यक्ष चंदन भाई नंदवंशी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेताओं ने कहा कि समाज की एकता और संगठित प्रयासों से ही अधिकारों की लड़ाई को मजबूती मिलेगी तथा सरकार तक समाज की आवाज प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगी।