नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेम में हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए 8 वर्षीय मासूम के अपहरण और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने बच्चे के परिजनों से 5 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर बच्चे की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव निवासी अनिल पंडित का आठ वर्षीय इकलौता पुत्र अंकुश कुमार 20 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी बीच शाम करीब चार बजे बच्चे के पिता के मोबाइल पर फोन कर पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। इसके बाद परिजनों ने राघोपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देश पर सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय स्तर पर लगातार छानबीन करते हुए गांव के ही विशाल कुमार, सूरज कुमार और मनोज राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान तीनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज राय और विशाल कुमार पिता-पुत्र हैं।
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि विशाल कुमार और सूरज कुमार ऑनलाइन एविएटर गेम खेलने के आदी थे और इस गेम में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। नुकसान की भरपाई के लिए उन्होंने अंकुश के अपहरण की साजिश रची और फिरौती मांगकर पैसे वसूलने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने और पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर आरोपी घबरा गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि पकड़े जाने के डर से घटना वाले दिन ही वे बच्चे को बिदुपुर-कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल पर ले गए और उसे गंगा नदी में फेंक दिया।
एसपी ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से बच्चे की एक चप्पल बरामद हुई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक बच्चे का शव बरामद नहीं हो सका था। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम गंगा नदी में लगातार तलाश अभियान चला रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ऑनलाइन गेम की लत और उससे जुड़े अपराध का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।