नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। नगर मुख्यालय स्थित सब्जी मंडी में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने भीड़भाड़ वाले बाजार में कथित रूप से एक युवती की मांग में सिंदूर भर दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे बाजार में इसकी चर्चा होने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक और युवती के बीच पिछले कुछ महीनों से प्रेम संबंध होने की बात कही जा रही है। शुक्रवार को संयोगवश दोनों सब्जी मंडी में आमने-सामने आए। इसी दौरान युवक ने जेब से सिंदूर निकालकर युवती की मांग में भर दिया। इस घटना के बाद बाजार में लोगों की भीड़ लग गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर युवती के परिजन मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान परिजनों और युवती के बीच कहासुनी हुई तथा कथित रूप से उसके साथ मारपीट और उसे वहां से ले जाने की कोशिश की गई। डाक बंगला के पास बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर करीब आधे घंटे तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। युवती के परिजनों का आरोप था कि संबंधित युवक पहले से विवाहित है और उसकी एक छोटी बच्ची भी है, ऐसे में वह युवती का भविष्य खराब कर रहा है। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार युवती ने युवक के साथ रहने की इच्छा जताई।
बाद में दोनों पक्ष युवक और युवती को अपने साथ लेकर वहां से चले गए। इस मामले में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई और न ही किसी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद पूरे दिन बाजार में इसी मामले की चर्चा होती रही।