नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध संत कारू बाबा (खिरहर स्थान) मंदिर परिसर रविवार की शाम गोलियों की गड़गड़ाहट से दहल उठा। मंदिर की देखरेख, न्यास समिति (ट्रस्ट) के अधिकार और दान-चढ़ावे की मोटी रकम पर वर्चस्व को लेकर मची रार आखिरकार खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, मंदिर के संचालन और नई नियुक्तियों को लेकर महंत पक्ष और स्थानीय ग्रामीणों के बीच लंबे समय से सुलग रही नाराजगी रविवार को अचानक भड़क उठी। बात इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद के दौरान महंत पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई, जिसमें एक ग्रामीण के पैर में गोली लग गई और एक अन्य व्यक्ति को गोली छूकर निकल गई। इस अचानक हुई हिंसा से मौके पर भगदड़ मच गई।
गोलीबारी की इस घटना से आगबबूला हुए ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और महंत तथा उनके समर्थकों को मंदिर परिसर में ही घेरकर बंधक बना लिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने परिसर में खड़ी महंत की एक गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही महिषी थानाध्यक्ष और सदर एसडीपीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाला। तलाशी के दौरान मंदिर परिसर से ती frन अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी महंत निरंजन यादव को गिरफ्तार कर लिया है तथा अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति है और पुलिस बल तैनात है