सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने पर सहकारिता सप्ताह समारोह का उद्घाटन, 6 जुलाई तक पूरे बिहार में होंगे कार्यक्रम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार में कृषि और सहकारिता के माध्यम से राज्य को वर्ष 2047 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जल्द ही बिहार सहकारिता नीति-2026 लागू की जाएगी। यह जानकारी सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने सोमवार को पटना के शास्त्री नगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित सहकारिता सप्ताह समारोह के उद्घाटन अवसर पर दी।
भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (बीबीएसएसएल), नई दिल्ली एवं बिहार सहकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 6 जुलाई 2021 को अलग सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के बाद देश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा मिली है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सहकारी नीति-2025 लागू की गई है, जिसके अनुरूप बिहार भी अपनी नई सहकारिता नीति-2026 लाने की तैयारी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार की युवा आबादी राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। सहकारिता क्षेत्र के विस्तार से गांवों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और पलायन पर रोक लगेगी। उनके अनुसार, प्रत्येक पंचायत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहकारिता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मंत्री ने बताया कि राज्य के सभी 8,463 पैक्स में मॉडल बायलॉज लागू कर उन्हें मल्टीपर्पज पैक्स के रूप में विकसित किया जा चुका है। वहीं, सभी प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों में भी मॉडल बायलॉज लागू करने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा बिहार में अब तक 13,370 डेयरी सहकारी समितियों का गठन हो चुका है तथा ‘सात निश्चय-3’ के तहत अगले तीन वर्षों में राज्य के सभी 45 हजार गांवों में डेयरी सहकारी समितियों का गठन किया जाएगा।
सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सहकारिता सप्ताह के तहत 6 जुलाई तक राज्य के सभी जिलों एवं प्रखंडों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य पैक्स तथा जमीनी स्तर की सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाना और सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर बिस्कोमॉन के अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि पिछले दो वर्षों में सहकारी समितियों को व्यापक जनसमर्थन मिला है, जो इनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
समारोह में बीबीएसएसएल के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार, सहकारिता विभाग के निबंधक रजनीश कुमार सिंह, अपर सचिव अभय कुमार सिंह, वेजफेड के प्रबंध निदेशक डॉ. गगन, बिहार राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह, पैक्स प्रतिनिधियों सहित सहकारिता क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में हितधारक उपस्थित रहे।